देखें.....राइस मिलरों और किसानों में धान खरीद को लेकर विवाद जारी, और फिर.....

 0  45

उधम सिंह नगर में सरकारी रेट पर नमी के अनुसार राइस मिलर स्वामियों ने मंडी समितियों में धान खरीदना शुरू कर दिया है। लेकिन सितारगंज में स्थानीय प्रशासन और राज्य किसान आयोग उपाध्यक्ष के द्वारा राइस मिलरों तथा किसानों के मध्य कराई गई वार्ता असफल रही, जिसके चलते राइस मिलरों ने मंडी समिति में धान खरीदने से इंकार कर दिया।

बता दें कि पूरे उधम सिंह नगर जनपद में सरकारी रेट पर नमी के अनुसार राइस मिलरों द्वारा कच्चे आढ़तियों के लाइसेंस पर मंडी समितियों में धान की खरीदारी शुरू कर दी गई है। जिसके चलते राइस मिलरों द्वारा खटीमा में 3000 कुंतल से अधिक, तो नानकमत्ता में 2000 कुंतल से अधिक धान मंडी समितियों में खरीदा गया। लेकिन सितारगंज तहसील में राइस मिलरों और किसानों के बीच धान खरीद पर विवाद होने से प्रशासन ने राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष सरदार राजपाल सिंह की अध्यक्षता में दोनों के बीच वार्ता कराई थी, जो सफल नहीं हो पाई। जिसके चलते राइस मिलर मंडी समिति से बगैर धान खरीदे ही वापस चले गये। वहीं किसानों का आरोप है कि राइस मिलर सरकार द्वारा बनाये नियमों को नहीं मान रहे और अपनी हठधर्मिता दिखा रहे हैं जो आज बिगड़ते हुए बिना धान खरीदे ही वापस चले गये, जिससे किसानों का धान ट्रालियों में मंडी समिति में खड़ा हुआ है।

वहीं राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष सरदार राजपाल सिंह ने मीडिया को बताया कि खटीमा और नानकमत्ता में राइस मिलरों द्वारा कच्चे आढ़तियों के लाइसेंस पर धान की खरीद मंडी समिति में शुरू हो चुकी है। वहीं सितारगंज में राइस मिलरों द्वारा सिर्फ उत्तराखंड के किसानों का ही धान खरीदने की बात कही गई और उत्तराखंड में रह रहे किसान जिनकी जमीनें यूपी में भी हैं उनका धान खरीदने से मना करने पर वार्ता असफल हो गई। वहीं उन्होंने कहा कि जल्द ही खटीमा और नानकमत्ता की तरह सितारगंज सहित पूरे जिले में राइस मिलरों द्वारा धान खरीद शुरू कर दी जाएगी।