।। अब बादल को मिलेगा नया जीवन ।। देखिये रिपोर्ट.....

 0  34

लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार लावारिस हालत में घूम रहा घोड़ा (बादल) अब जल्द ही स्वस्थ हो जायेगा। जिसकी सुध नगर पालिका प्रशासन और चैयरमेन हरीश दुबे ने लेते हुए नगर पालिका में डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार कराना शुरू करा दिया है।

बता दें कि उधम सिंह नगर जनपद के सितारगंज में पिछले काफी लंबे समय से गम्भीर रूप से बीमार घोड़ा (बादल) लावारिस हालत में सड़कों पर घूम रहा था, जिसकी सुध लेने वाला भी कोई नही था और जिसकी कैंसर जैसी घातक बीमारी से ग्रसित होने के चलते हालत नाजुक बनी हुई थी। लेकिन अब बहुत जल्द बादल स्वस्थ होने वाला है, क्योंकि नगर पालिका प्रशासन व चेयरमैन हरीश दुबे ने बादल की सुध लेते हुए जिम्मेदारी के साथ नगर पालिका में डॉक्टरों को बुलाकर उसका उपचार प्रारंभ करा दिया है।

इस सम्बंध में पालिका चेयरमैन हरीश दूबे ने बताया कि स्थानीय निवासियों द्वारा नगर पालिका तथा उपजिलाधिकारी कार्यालय में घोड़े के बीमार हालत में लावारिस घूमने की शिकायत की गयी थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए पर्यावरण मित्र स्वास्थ्य कर्मी द्वारा बादल को यहाँ लाकर डॉक्टरों से उपचार प्रारंभ करा दिया गया है। वहीं उन्होंने बताया कि इस घोड़े का बादल नाम भी नगर पालिका प्रशासन द्वारा ही दिया गया है।

यहाँ बता दें कि इस बेजुबान घोड़े पर हुए अन्याय में इसके मालिक का पूरा-पूरा हाथ है जिसने इसकी मेहनत से अपना घर तो खूब चलाया लेकिन जब यह बीमार हो गया, तो सड़कों पर इसे बीमार हालत में ही छोड़ दिया। ऐसे लोग यह नही जानते कि स्वस्थ जीवन जीने का जितना अधिकार इंसान को है उतना ही इन जानवरों को भी है। लेकिन स्वार्थ के चलते लोग अंधे हो जाते हैं जिनमें दया भावना बिल्कुल खत्म हो जाती है जिससे वो लोग जानवरों पर इस तरह के जुल्म करते रहते हैं। वहीं बादल जैसे कितने जानवर ऐसे होंगे, जो नगर पालिका और हरीश दूबे जैसे लोगों का इंतजार इस उम्मीद के साथ कर रहे होंगे कि कब उन पर भी ऐसे लोगों की नज़र पड़ जाये, जिससे उन्हें भी स्वस्थ जीवन जीने का सहारा मिल जाये।